एमएलबी स्कूल के सामने विशाल पेड़ गिरा, तीन कारें चपेट में आईं
चलती कार पर भी गिरा पेड़, बड़ा हादसा टला; पुलिस और नगर निगम ने शुरू कराया राहत कार्य

जबलपुर, यश भारत। शहर में मंगलवार को हुई तेज बारिश और हवाओं के बीच मदन महल थाना क्षेत्र अंतर्गत राइट टाउन स्थित एमएलबी स्कूल के सामने एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में तीन कारें आ गईं। इनमें दो कारें सड़क किनारे खड़ी थीं, जबकि एक कार सड़क से गुजर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चलती कार पर पेड़ गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन गनीमत रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। घटना में कारों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
पेड़ गिरने के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस और नगर निगम का अमला मौके पर पहुंच गया। जेसीबी मशीन की सहायता से पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में राहत कार्य तेजी से चलाया गया, जिसके बाद मार्ग को पुनः सुचारू करने की कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण पुराने और कमजोर पेड़ों की समय-समय पर जांच की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके






