जबलपुरमध्य प्रदेश

अवैध हथियार बेचने की फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस जब्त

हथियार कहां से आया, पूछताछ जारी

जबलपुर,यशभारत। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर शिकंजा कसते हुए शहपुरा पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांव में हथियार बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस को देखकर भागने लगा युवक

थाना प्रभारी शहपुरा प्रवीण धुर्वे ने बताया कि 27 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नटवारा में एक युवक अवैध हथियार लेकर खड़ा है और उसे बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कमर में छिपा रखी थी पिस्टल

पकड़े गए युवक की पहचान प्रशांत झारिया (19), निवासी ग्राम नटवारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी कमर में खोंसी हुई एक देशी पिस्टल और जींस की छोटी जेब से एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को जब्त कर लिया।

हथियार कहां से आया, पूछताछ जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को देशी पिस्टल और कारतूस कहां से मिले तथा वह इन्हें किसे बेचने वाला था। पुलिस हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में शहपुरा पुलिस टीम द्वारा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button