भोपाल को आज बड़ी रेल सौगात: CM मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे दो नई ट्रेनों को हरी झंडी

भोपाल को आज बड़ी रेल सौगात: CM मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे दो नई ट्रेनों को हरी झंडी
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रेल यात्रियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज शाम 19:30 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से दो नई महत्वपूर्ण ट्रेनों भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस और भोपाल-चोपन एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे।
इस कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे, जबकि मुख्यमंत्री स्टेशन पर मौजूद रहकर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
मध्य प्रदेश और झारखंड के बीच सुगम होगा सफर
पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के अनुसार, ये दोनों ट्रेनें प्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र को सीधे झारखंड के कोयला बेल्ट (धनबाद) से जोड़ेंगी। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इन नई सेवाओं से यात्रियों को सुरक्षित और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।
गाड़ियों का शेड्यूल और रूट:
भोपाल-धनबाद (त्रि-साप्ताहिक): यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार) चलेगी। नियमित सेवा 27 फरवरी से शुरू होगी।
भोपाल-चोपन (साप्ताहिक): यह ट्रेन हर रविवार को भोपाल से रवाना होगी। इसकी नियमित सेवा 1 मार्च से शुरू होगी।
कोच कंपोजिशन: दोनों ट्रेनों में आधुनिक 22 LHB कोच होंगे, जिनमें फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं।
इन शहरों के यात्रियों को होगा सीधा लाभ
यह ट्रेनें विदिशा, गंजबासौदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुरवारा, ब्योहारी, सिंगरौली और चोपन जैसे 30 से अधिक स्टेशनों पर रुकेंगी। उद्घाटन के अवसर पर आज एक स्पेशल ट्रेन (01631) शाम 7:30 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन शाम को धनबाद पहुंचेगी।
बुकिंग शुरू
रेलवे ने इन ट्रेनों के लिए अग्रिम आरक्षण (Booking) शुरू कर दिया है। आज के भव्य आयोजन को लेकर भोपाल मंडल ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और आम जनता से भी इस गरिमामय समारोह में शामिल होने की अपील की गई है।







