
MP में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां 3 बच्चों के पिता से नाबालिग लड़की को इश्क हो गया। वो उसके साथ चली गई और 18 साल की होते ही उससे शादी भी रचा ली। लेकिन इसके बाद बवाल हो गया।
मामला इंदौर संभाग के मनावर का है, जहां नाबालिग को भगाने के जुर्म में लड़के को जेल की हवा खानी पड़ी। दो महीने बाद युवक हाल ही में छूटकर बाहर आया तो लड़की के परिजनों ने उसके घर पर धावा बोलकर उसे जलाने की कोशिश की। जिसमें उसकी मां झुलस गई।
जानिए पूरी कहानी के साथ ये भी कि इस पर पहली पत्नी क्या कहती है…
धार जिले के मनावर के छोटे से गांव कावठी का रहने वाला है 30 साल का सुनील चौहान। काम धंधे के लिए वह बड़वानी आता-जाता रहता था। करीब दो साल पहले बड़वानी में शादी में शामिल हुआ तो वहां उसकी मुलाकात 17 साल की एक लड़की से हुई।
दोनों संपर्क में आए तो रिलेशनशिप शुरू हो गई। लड़की को पता था कि युवक शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। बावजूद वह उसे अपनाने को राजी हो गई। इसी साल जून में वह बालिग नहीं होने के बाद भी घर से भाग निकली। लड़का भी उसके साथ था। लड़के की न मां को खबर, न पत्नी को और न बच्चों को..। दो महीने वे छुपते-छुपाते रहे।
लड़का अपने घर पर सिर्फ यही बताकर गया था कि एक लड़की से रिलेशन है। वह मरने की धमकी दे रही है। एक बार बड़वानी के नर्मदा पुल पर जान देने के लिए चली गई थी। तब तो बचा लिया था। अब शादी नहीं की तो वैसे ही फंस जाऊंगा।
इसके बाद दोनों कई दिनों तक साथ रहे। लड़की 5 अगस्त 2022 को 18 साल की हो गई। इसके आठवें ही दिन उन्होंने मंदिर में फेरे ले लिए और स्टाम्प नोटरी पर शादी करने की घोषणा कर दी। यह शादी उन्होंने खरगोन जिले के बड़वाह में जाकर की थी।
पत्नी बोली- मैं उसके साथ रह लूंगी
इसके बाद वे यहां बड़गांव नाम के गांव में रह रहे थे। शादी होते ही लड़के ने अपनी पहली पत्नी से यह बात शेयर कर दी और उसे भी अपने पास बुला लिया। उसे कह दिया कि अब शादी तो कर ली, नहीं करता तो यह मर जाती। इस पर पत्नी भी यही बोलकर रह गई कि अब कर ली है तो क्या करूं..। ये मर गई तो तुम भी जिंदगी भर जेल में सड़ोगे, मैं भी तीन बच्चों को लेकर कहां जाऊंगी। इससे अच्छा कि हम दोनों साथ ही रह लेंगी। इसके बाद युवक ने उसे पांच-सात दिन साथ रखकर पहली पत्नी को वापस भेज दिया।
इसी बीच, यह खबर लड़की के परिवार को मिली तो पुलिस के जरिए पहुंचे और लड़की को बरामद किया। यह आरोप है कि सुनील ने नाबालिग उम्र में लड़की को भगाया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया जबकि लड़की को परिवार बड़वानी ले गया।