विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवाओं को बंधक बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवाओं को बंधक बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। भोपाल साइबर क्राइम पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मध्य प्रदेश और देशभर के युवाओं को थाईलैंड में आकर्षक नौकरी का लालच देकर म्यांमार के डेथ ट्रैप (मौत के जाल) में धकेल देता था, जहाँ उन्हें बंधक बनाकर जबरन साइबर अपराध कराया जाता था।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी युवाओं को थाईलैंड बुलाते थे और फिर अवैध तरीके से सीमा पार कराकर म्यांमार भेज देते थे। वहाँ इन युवाओं को साइबर स्कैम करने वाले माफियाओं के हाथों विदेशी मुद्रा के बदले बेच दिया जाता था। पीड़ितों के पासपोर्ट छीन लिए जाते थे और उन्हें कैंपों में बंधक बनाकर भारत के ही लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया जाता था। मना करने पर उन्हें शारीरिक यातनाएं दी जाती थीं।
टेलीग्राम पर फेक इंटरव्यू और फ्री टिकट
ठगी की शुरुआत सोशल मीडिया विज्ञापनों से होती थी। गिरोह के सदस्य टेलीग्राम ऐप के माध्यम से पीड़ितों का औपचारिक इंटरव्यू लेते थे ताकि उन्हें असलियत का अहसास न हो। युवाओं का भरोसा जीतने के लिए आरोपी उन्हें थाईलैंड की हवाई टिकट भी भेजते थे।
शिकायत मिलने के बाद भोपाल साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पीछा किया और अंततः बिहार से दो मुख्य गुर्गों को दबोच लिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेशी संपर्कों की तलाश कर रही है।







