इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर नवविवाहित युवक ने की खुदकुशी, पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप

इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर नवविवाहित युवक ने की खुदकुशी, पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हबीबगंज इलाके में 7 महीने पहले ही प्रेम विवाह के बंधन में बंधे 28 साल के एक युवक ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
रील लाइफ और रियल लाइफ का अंतर
मृतक की पहचान विकास हिरवे के रूप में हुई है। विकास और उसकी पत्नी स्नेहा सोलंकी सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय थे और अक्सर एक साथ रील बनाकर पोस्ट किया करते थे, जिसमें वे बेहद खुश नजर आते थे। हालांकि, विकास के आखिरी वीडियो ने इस सुखी दांपत्य के पीछे की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया।
पत्नी और दादी सास पर लगाया गंभीर आरोप
वायरल वीडियो में विकास ने स्पष्ट तौर पर कहा, मैं अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहा हूं और इसकी जिम्मेदार मेरी पत्नी स्नेहा सोलंकी और मेरी दादी सास हैं। विकास ने आरोप लगाया कि शादी के महज 7 महीने बाद ही पत्नी का बर्ताव बदल गया था। वह लगातार विवाद करती थी और उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। युवक ने यह भी दावा किया कि घटना के 10 दिन पहले से ही पत्नी ने अपने सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और गहने मायके भेज दिए थे।
होटल में मिला शव
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद विकास घर से निकल गया। देर रात उसने एक होटल में कमरा बुक किया और वहां फांसी लगा ली। रविवार सुबह जब वह नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद घटना का पता चला। होटल के कमरे से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने परिजनों द्वारा सौंपे गए उस इंस्टाग्राम वीडियो को अपनी जांच का मुख्य आधार बनाया है।
पुलिस की कार्रवाई
हबीबगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक द्वारा जारी किए गए वीडियो के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों के आधार पर संबंधित पक्षों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।







