दुकान संचालक के सीने-पेट में किए चाकू से ताबड़तोड़ वार, हालत नाजुक, पुरानी रंजिश पर वारदात, प्रकरण दर्ज

जबलपुर। खितौला अंतर्गत रेलवे फाटक के पास दुकान संचालक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला कर दिया गया। बदमाशों ने मिलकर युवक पर सीने-पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 15 निवासी रमाकांत पटेल (23) की रेलवे फाटक के पास मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान है, सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी दुकान के पीछे बबूल के पेड़ के पास गया इसी दौरान प्रिंस यादव और कृष्णा गोटिया वहां पहुंचे और पिछले दिन हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
कृष्णा ने प्रिंस को उकसा थमाया चाकू
विवाद बढऩे पर कृष्णा गोटिया ने प्रिंस यादव को चाकू थमाते हुए हमला करने के लिए उकसाया। प्रिंस ने रमाकांत को जान से मारने की नियत से सीने और पेट के ऊपरी हिस्से पर चाकू से वार कर दिया। हमले के दौरान रमाकांत के चिल्लाने की आवाज सुनकर दुकान पर मौजूद लखन पटेल और सोनू पटेल उसे बचाने दौड़े।
जान बचाकर भागा तो पीछे दौड़े
रमाकांत अपनी जान बचाकर ब्रिज की ओर भागा। इस दौरान आरोपियों ने उसका पीछा किया और दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे पीडि़त काफी समय तक घर में छिपा रहा, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। खितौला पुलिस ने आरोपी प्रिंस यादव और कृष्णा गोटिया के प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।







