देश

शव की आंखें और चेहरा खा गए चूहे, डॉक्टरों पर भड़के परिजन

हरिद्वार जिला अस्पताल में लापरवाही

हरिद्वार,एजेंसी। हरिद्वार के जिला अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शव को चूहे द्वारा कुतर दिया गया, जिसके बाद पीड़ित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और नाराज परिजन धरने पर बैठ गए. इतना ही नहीं परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी करने की कोशिश की. परिजनों ने लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मृत युवक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से डेडबॉडी के साथ इस तरह की चीज हुई है. दरअसल, मृत युवक के परिजन उस दौरान और भड़क गए जब चूहों ने डेडबॉडी की आंख और सिर का हिस्सा कुतर दिया. वहीं हंगामा बढ़ते देख मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे. उन्होंने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने की कोशिश की और स्थिति को काबू में किया. अधिकारियों ने जांच टीम का गठन कर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया.

हार्ट अटैक से हुई थी युवक की मौत

दरअसल, बीती रात ज्वालापुर के रहने वाले लकी शर्मा की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. उनका पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को जिला अस्पताल ले जाया गया था. अगले दिन जब पोस्टमार्टम होना था तो पता चला की डेडबॉडी को चूहे ने कुतर दिया, जिसके बाद परिजन भड़क गए. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप है कि इस लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेता भी जिला अस्पताल पहुंची और लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की. वहीं मृतक के परिजन धरने पर भी बैठे.

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने क्या कहा?

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक आरवी सिंह ने कहा कि यह मामला चूहों के कुतरने का है लेकिन फिर भी इस मामले में जांच होगी. उन्होंने इस बात से भी इनकार नहीं किया कि चूहों के अलावा दूसरी संभावनाएं भी इसमें हो सकती हैं. इधर पूरे मामले में हाई लेवल कमेटी का गठन कर दिया गया, जिसमें सभी पहलुओं की जांच की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button