बंगाल चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़ा बदलाव: 90 लाख से ज्यादा नाम हटाए गए
SIR प्रक्रिया के तहत जारी की गई नई वोटर लिस्ट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत जारी की गई नई वोटर लिस्ट में राज्य भर से 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। आयोग के अनुसार, यह कार्रवाई मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस प्रक्रिया में डुप्लीकेट नाम, मृत मतदाता और स्थान बदल चुके लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। कुल मिलाकर 90,83,345 नाम काटे गए हैं।
आयोग ने पारदर्शिता को बढ़ावा देते हुए जिला-वार डेटा भी सार्वजनिक किया है, जिससे मतदाता आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आसानी से अपने नाम की जांच कर सकते हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इस प्रक्रिया के दौरान कुल 60 लाख से अधिक मतदाताओं की जांच की गई, जिनमें से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए। इससे पहले 28 फरवरी को जारी सूची में भी लाखों नाम हटाए गए थे, जिसके बाद अब कुल संख्या 90 लाख के पार पहुंच गई है।
जिन जिलों में सबसे ज्यादा नाम हटाए गए हैं, उनमें कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया और नॉर्थ व साउथ 24 परगना शामिल हैं। विशेष रूप से मुर्शिदाबाद जिले से सबसे अधिक 4,55,137 नाम हटाए गए, जबकि नॉर्थ 24 परगना दूसरे स्थान पर रहा।
विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को शेष 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे मतदान से पहले मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।







