पन्ना यश भारत ( संभागीय ब्यूरो)/ सागर संभाग के पन्ना जिला अंतर्गत बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गजना धरमपुर में रात में ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया और आरक्षक राम निरंजन कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सतना के बिड़ला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उक्त सनसनीखेज घटना पर सागर रेंज की आई जी हिमानी खन्ना ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यश भारत के सागर संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी भदौरिया अपनी टीम के साथ गैर इरादतन हत्या के आरोपी पंचम यादव को गिरफ्तार करने के लिए बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे धरमपुर गांव पहुंचे थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान गांव के करीब 40 से 50 लोगों ने पुलिस दल को घेर लिया। इस घटना क्रम में भीड़ ने पुलिस पर अचानक पथराव शुरू कर दिया और उनके हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान भीड़ ने थाना प्रभारी और आरक्षक को बंधक बना लिया जबकि आठ पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर गांव से भाग निकले और तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू स्वयं कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल रवाना किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंचम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही सागर रेंज की आईजी हिमानी खन्ना ने घटनाक्रम की संपूर्ण जानकारी लेकर आरोपियों शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश पन्ना जिला पुलिस को दिए हैं। जिसके बाद से पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
Back to top button