हर्निया ऑपरेशन के दौरान 40 वर्षीय मरीज की मौत : परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप…. देखें वीडियो

दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित विद्या हॉस्पिटल में हर्निया के ऑपरेशन के दौरान 40 वर्षीय मरीज की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मामले की जांच की मांग की।
परिजनों के मुताबिक, सचिन अग्रवाल सोमवार शाम करीब 6 बजे सामान्य हालत में स्वयं बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा था। इसके बाद रात करीब 10 बजे उसे हर्निया के ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया।
परिजनों का कहना है कि मध्यरात्रि करीब 12 से 1 बजे के बीच उन्हें सचिन की मौत की जानकारी दी गई।
अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के चाचा राजेश अग्रवाल और चचेरे भाई अमित अग्रवाल सहित अन्य परिजनों ने डॉक्टर पीतांबर बुधवानी और अस्पताल स्टाफ पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और मौत के वास्तविक कारण सामने लाने की मांग की।
हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
एसआई बीएल पटेल के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से थाने में शिकायत भी दी गई है।
फिलहाल मरीज की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







