गाली-गलौज के विवाद ने लिया खूनी रूप, एक ही परिवार के चार सदस्यों पर चाकुओं से हमला,देखे वीडियो …….

जबलपुर,यश भारत। शहर में मामूली विवाद भी अब हिंसक घटनाओं का रूप लेने लगे हैं। गोरखपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर, गुप्तेश्वर में गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने एक ही परिवार पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में परिवार के मुखिया पिता, उनकी बेटी और दोनों बेटे घायल हो गए। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक का गुप्ता परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआत गाली-गलौज से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि आरोपियों ने चाकू निकाल लिए और परिवार के सदस्यों पर हमला शुरू कर दिया। हमले में बनारसी लाल गुप्ता के पेट में चाकू लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिता पर हमला होते देख उनकी बेटी काजल गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने काजल के सीने पर चाकू से वार कर दिया। वहीं परिवार के दोनों बेटे भी हमले की चपेट में आ गए। मोहित गुप्ता के पैर और मनीष गुप्ता के हाथ में चाकू लगने से चोटें आईं। एक ही परिवार के चार लोगों के घायल होने से मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस सक्रिय हुई और घायलों को तत्काल नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने सभी का उपचार किया। पुलिस के मुताबिक उपचार के बाद तीन घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस विवाद के कारणों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।






