मध्य प्रदेशराज्य

सांप भगाने जलाई मिर्ची, पटाखों में लगी आग और हुआ विस्फोट; युवक झुलसा

दमोह। देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत किल्लाई गांव में एक घर में रखे पटाखों में अचानक आग लगने से जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में पटाखों के पास खड़ा 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

घायल युवक की पहचान निहाल पिता राजकुमार कुंचबदिया, निवासी किल्लाई के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए।

 

पुलिस के अनुसार, घायल निहाल ने बताया कि शाम के समय एक सांप घर में घुस आया था। उसे भगाने के लिए घर में आग जलाकर मिर्च पाउडर जलाया जा रहा था। इसी दौरान आग घर के लैट्रिन के बाजू में रखे पटाखों तक पहुंच गई। देखते ही देखते पटाखों में आग लग गई और तेज विस्फोट हो गया। इस दौरान नजदीक खड़ा निहाल उसकी चपेट में आकर झुलस गया।

परिजनों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय एवं जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल के अनुसार घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल और बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button