शैक्षणिक सत्र शुरू होने के 3 महीने बाद मिलेगी स्कूटी, जिले में 166 छात्रों का चयन, इलेक्ट्रिक के लिए 1.20 लाख, पेट्रोल गाड़ी के लिए मिलेंगे 90 हजार, 19 सितंबर को भोपाल से होगा राशि का वितरण

कटनी, यशभारत। शैक्षणिक सत्र शुरू हुए तीन महीने से ज्यादा का वक्त बीत गया और अब राज्य सरकार कक्षा बारहवीं में अव्वल छात्रों छात्रों को स्कूटी खरीदने के लिए राशि का वितरण करने जा रही है। भोपाल के शिवाजी नगर स्थित सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 19 सितंबर को सुबह 10 बजे से राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत पात्र छात्राओं को राशि का वितरण करेंगे। कटनी की बात करें तो जिले में 166 छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना आवश्यक है।
इस साल नियमों में किया बदलाव
राज्य सरकार ने इस साल मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के नियमों में बदलाव कर दिया है। 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉपर छात्रों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। अभी तक ऐसा होता था कि 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉपर छात्र-छात्राओं को इस योजना के तहत लाभांवित किया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इस बार छात्रों को नए नियमों के तहत ही स्कूटी की राशि का विरतण किया जा रहा है। खास बात यह है कि चयनित छात्रों से कोटेशन लिया गया है कि वे इलेक्ट्रिक स्कूटी लेना चाहते हैं या फिर पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी। छात्रों के कोटेशन के आधार पर इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रूपए और पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी के लिए 90 हजार रूपए ऑनलाइन बैंक एकाउंट में ट्रांसफर किए जाएंगे।
योजना के क्रियान्वयन में देरी
इस बार योजना के क्रियान्वयन में करीब तीन महीने की देरी हुई है। नया शैक्षणिक सत्र 15 जून से शुरू हो जाता है और मेधावी छात्रों को 19 सितंबर को स्कूटी के लिए राशि का विरतण किया जा रहा है।
इनका कहना है
सहायक संचालक राजेश अग्रहरि ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत स्कूटी के लिए राशि का वितरण किया जाता है।






