अधारताल में ट्रेनों से वायरिंग चोरी करने वाला गिरोह आरपीएफ के हत्थे चढ़ा
शातिर चोर व कबाड़ी रंगेहाथ गिरफ्तार, कब्जे से रेल संपत्ति बरामद

जबलपुर यशभारत। रेलवे की खड़ी ट्रेनों को निशाना बनाकर अंडरगियर कॉपर वायरिंग काटकर चोरी करने वाले गिरोह का आरपीएफ जबलपुर ने पर्दाफाश किया है। अधारताल स्टेशन पर स्टेबल ट्रेनों के कोचों से वायरिंग काटते समय आरपीएफ की टीम ने छह आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को भी दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 38,200 रुपए कीमत की रेल संपत्ति बरामद की गई है।
बोगियों के नीचे घुसकर देते थे वारदात को अंजाम
आरपीएफ के मुताबिक यह गिरोह स्टेशन के आउटर और यार्ड में खड़ी ट्रेनों की बोगियों के नीचे घुसकर बेहद संवेदनशील अंडरगियर कॉपर वायरिंग काटता था। वायरिंग चोरी होने से रेलवे को आर्थिक नुकसान के साथ ही रेल परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका रहती है।
निगरानी के दौरान दबोचे गए
रेल संपत्ति की चोरी रोकने के लिए आरपीएफ पोस्ट जबलपुर की टीम अधारताल क्षेत्र में गश्त और विशेष निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम को स्टेबल कोचों के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। जांच करने पर छह व्यक्ति कोचों के नीचे घुसकर अंडरगियर वायरिंग काटते मिले। आरपीएफ जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर सभी को मौके से पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों तक भी टीम पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
वायरिंग चोरी के आरोप में सोहिल खान उर्फ मोंटी (25), मो. आसिफ खान (22), मो. तर्मीजी उर्फ सलमान (28), मो. नूरुद्दीन उर्फ नूरू (32), सोहिल अंसारी उर्फ वेल्डर (23) और मो. सोनू (23) को गिरफ्तार किया गया है। सभी जबलपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। चोरी का माल खरीदने के आरोप में मो. अनवर अंसारी (47), निवासी नई बस्ती गोहलपुर और मो. अयुव उर्फ बब्लू चाटी (57), निवासी मोती नगर हनुमानताल को गिरफ्तार किया गया।
तीन आरोपी पहले से आदतन अपराधी
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के खिलाफ सिविल पुलिस के विभिन्न थानों में चोरी सहित अन्य आपराधिक मामलों के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने के बाद आरपीएफ ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई है।
रेल संपत्ति अधिनियम में कार्रवाई
सभी आरोपियों के विरुद्ध आरपीएफ पोस्ट जबलपुर में रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच उप निरीक्षक आर.के. चंदेल और एएसआई सुखराम बेन कर रहे हैं।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक एवं पोस्ट कमांडर राजीव खरब के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक आर.के. चंदेल, एएसआई सुखराम बेन, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तिवारी, प्रेम सिंह, केदार तथा आरक्षक हरिकेश शामिल रहे।







