सतना ,यश भारत। रेलवे की एक बड़ी लापरवाही उस समय सामने आई, जब बिरला सीमेंट कंपनी की साइडिंग से क्लिंकर लोड कर निकली एक मालगाड़ी का इंजन अचानक बीच रास्ते में ही फेल हो गया। यह घटना बरदाडीह और मारुति नगर रेलवे फाटक के बीच हुई, जिससे दोनों ओर का सड़क यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी अचानक बीच ट्रैक पर रुक गई और आगे बढ़ने में असमर्थ रही। ट्रेन के खड़े हो जाने से दोनों रेलवे क्रॉसिंग बंद हो गईं, जिसके कारण सैकड़ों वाहन दोनों तरफ फंस गए। लोग इस पार से उस पार जाने के लिए काफी देर तक परेशान होते रहे।
करीब एक घंटे तक स्थिति जस की तस बनी रही और जाम लगातार बढ़ता गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर काफी देर तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही जबलपुर मंडल के रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दूसरा इंजन मौके पर भेजा गया, जिसके बाद खराब मालगाड़ी को खींचकर सतना स्टेशन लाया गया। इसके बाद ही यातायात बहाल हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा दोनों ओर फंसे वाहनों को नियंत्रित किया गया और लोगों को सुरक्षित तरीके से निकालने की व्यवस्था की गई।
इस घटना ने रेलवे की कार्यप्रणाली और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते तकनीकी जांच और वैकल्पिक व्यवस्था होती, तो आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
Back to top button