
राजस्थान: कोलायत दर्शन से लौट रहे 18 श्रद्धालुओं की ट्रेलर से भिड़ंत में मौत
भोपाल, यशभारत। राजस्थान के फलोदी जिले के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 18 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के ये श्रद्धालु बीकानेर के प्रसिद्ध कोलायत स्थित मुनि आश्रम में दर्शन और कार्तिक स्नान कर लौट रहे थे, तभी उनकी टूरिस्ट बस ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई।अगला हिस्सा चकनाचूर, मौके पर ही दम तोड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्रियों की मौके पर ही चीख-पुकार के बीच मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिससे जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल पहुंचाया गया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री शभजनलाल शर्मा ने इस हृदय विदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।







