बजट की तैयारी में जुटा वित्त विभाग, विभागों से मांगा हिसाब-किताब – 2027-28 के बजट पर शुरू होगी विभागवार चर्चा, दो साल के रोलिंग बजट की भी बनेगी रूपरेखा


भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियों को गति दे दी है। इसके साथ ही 2026-27 के पुनरीक्षित अनुमान तथा 2028-29 और 2029-30 के रोलिंग बजट की तैयारी भी शुरू हो गई है। वित्त विभाग ने बजट चर्चा के पहले चरण के लिए विभागवार बैठक कार्यक्रम जारी कर दिया है।
बैठक से तीन दिन पहले बीईएमएस पर दर्ज करनी होगी जानकारी
वित्त विभाग के निर्देश के मुताबिक संबंधित विभागों को बजट चर्चा से कम से कम तीन दिन पहले पोर्टल पर आवश्यक जानकारी अपलोड करनी होगी। विभागों के बजट प्रस्ताव और वित्तीय जरूरतों से जुड़ा विवरण पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।
विभागाध्यक्षों के साथ होगी बजट प्रस्तावों पर चर्चा
6 और 12 अगस्त 2026 को जारी वित्त विभाग के परिपत्रों के आधार पर संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष, अपर सचिव और उप सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ बैठकें होंगी। निर्धारित तारीख और समय पर संबंधित बजट शाखा के अपर सचिव या उप सचिव के कक्ष में चर्चा की जाएगी। बैठक में वित्तीय सलाहकार अथवा वित्त अधिकारी की मौजूदगी भी जरूरी होगी।
प्रस्तावों के आधार पर तय होगी आगामी वित्तीय रूपरेखा
वित्त विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक में उपस्थित होकर बजट से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभागों के प्रस्तावों और चर्चा के आधार पर आगामी बजट में प्रावधान तय किए जाएंगे। साथ ही अगले दो वर्षों के रोलिंग बजट की वित्तीय रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।







