घंघरी खुर्द में झूलते बिजली तार के संपर्क में आए युवक की मौत, जन्माष्टमी में हुई घटना से ग्रामीणों में आक्रोश, कई दिन पहले की थी झूलते तारों की शिकायत

कटनी, यशभारत। विद्युत विभाग की लापरवाही ने कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी खुर्द में एक 40 वर्षीय युवक की जान ले ली। बिजली का तार गिरने से उसकी मौत हो गई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुई इस घटना से जहां गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं विद्युत विभाग की घोर लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घंघरी खुर्द निवासी सुंदर पटेल (40), पिता बाला पटेल, शुक्रवार को अपनी बाइक से घर पहुंचे थे। वे जैसे ही बाइक से उतरे, मकान के ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार अचानक टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरा। करंट की तेज चपेट में आने से सुंदर पटेल गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी लटकते तारों की चपेट में आने से एक भैंस और एक बकरी की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि विभाग समय रहते लटकते असुरक्षित तारों को व्यवस्थित कर देता, तो सुंदर पटेल की जान बचाई जा सकती थी। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर हुई इस असमय मौत से मृतक के परिजन सदमे में हैं और पूरा गांव बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।








