सतना हुई पिंक सिटी : हाफ मैराथन-2026 , 22 राज्यों के धावकों ने लिया हिस्सा

सतना । सतना में हाफ मैराथन 2026 का क्रेज देखते ही बना । सड़कें फिटनेस के जुनून और खेल भावना की गवाह बनी। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की ओर से आयोजित सतना हाफ मैराथन-2026 में देश के 22 राज्यों के 5029 धावकों ने 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया।

व्यंकट-1 स्कूल के मैदान में मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया।
फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित इस मैराथन में मंत्री विश्वास सारंग ने सतना को पिंक सिटी नाम दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक एकता का संदेश देते हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
धावकों के लिए सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे रूट में सड़क के दोनों तरफ पुलिस के जवान और निजी वालेंटियर मौजूद रहे।
5 किलोमीटर की दौड़ आयोजन स्थल से सर्किट हाउस चौक, 10 किमी की दौड़ कोलगवां थाना के सामने और 21 किमी के धावकों ने माधवगढ़ तक दौड़ लगाई और वापस आयोजन स्थल तक लौटे।
आयोजन में आनंदम मंत्री लखन पटेल, महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, विंध्य चैंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा समेत काफी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।







