गायों को बचाने में अनियंत्रित पिकअप डंपर से भिड़ी, 8 मजदूरों की मौत
भिंड जिले में NH-719 पर हुआ हादसा

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में NH-719 पर देर रात मजदूरों से भरी पिकअप और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। छीमका गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को गोहद अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति वाले मजदूरों को ग्वालियर रेफर किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिकअप में सवार मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। वे मध्यप्रदेश में धान की रोपाई का काम करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे छीमका गांव के पास हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाकर उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया गया।






