देश

दिल्ली के पालम में भीषण आग, 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत; 30 दमकल गाड़ियां पहुंचीं

इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

नई दिल्ली,एजेंसी। नई दिल्ली के पालम इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक रिहायशी इमारत में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले कई लोग उसमें फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे हैं, जबकि पुलिस और बचाव दल भी राहत कार्य में लगे हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत के एक फ्लैट में आग लगी, जो देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि एक ही परिवार के कई लोग आग में फंस गए थे। बचाव दल ने फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए तेजी से अभियान चलाया, लेकिन सात लोगों को नहीं बचाया जा सका।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना के वीडियो में बिल्डिंग से उठता घना धुआं और आग की ऊंची लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके में राहत व बचाव कार्य जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button