
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों बेहद असामान्य बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 5 साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक ओर जहां कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 42°C के पार पहुंच गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और महाराष्ट्र के वर्धा में 45°C तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। मध्य प्रदेश के रतलाम और उमरिया भी सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे।
IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के क्षेत्रों में उमस भरे मौसम की संभावना जताई गई है।
वहीं उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में 18 अप्रैल को 14 साल में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई, लेकिन अगले कुछ दिनों में फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और लू व बदलते मौसम से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।







