मुख्य ख़बरें

14 वर्षीय छात्रा का अपहरण : घेराबंदी के बाद आरोपी छात्रा को छोड़कर हुए फरार

रीवा।  शहर में स्कूल से घर लौट रही 14 वर्षीय छात्रा के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर के बिछिया थाना क्षेत्र में कार सवार दो युवकों ने कथित तौर पर छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की, जिसके बाद आरोपी छात्रा को चिरौहला के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में कार सहित एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

घटना बिछिया थाना क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद स्कूल के पास की है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी होने के बाद 14 वर्षीय छात्रा अपनी सहेली के साथ पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार युवकों ने छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाया और मौके से फरार हो गए। छात्रा की चीख-पुकार से आसपास हड़कंप मच गया। इसके बाद उसकी सहेली ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना के समय छात्रा के माता-पिता काम पर गए हुए थे। बेटी के अपहरण की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी।

छात्रा की तलाश के लिए बिछिया थाना, समान थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीमों को सक्रिय किया गया। शहर के प्रमुख चौराहों और बाहर निकलने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस का शिकंजा कसता देख आरोपियों ने छात्रा को चिरौहला के समीप रास्ते में छोड़ दिया और फरार हो गए।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने कार सहित एक युवक को हिरासत में लिया है। वहीं, दूसरे युवक की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रा के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button