9 करोड़ के ‘अमृत’ पर ठेकेदारी का ग्रहण: पाइप बिछ गए, हलक फिर भी सूखे, 30 किमी पाइपलाइन बिछी, टंकी निर्माण में देरी से नए नल कनेक्शन का इंतजार बढ़ा

मंडला। मुख्यमंत्री जल प्रदाय योजना से छूटे वार्ड व मोहल्ले में पेयजल पहुंचाने के लिए नगर पालिका मंडला द्वारा अमृत टू योजना से कार्य कराया जा रहा है। इसमें करीब नौ करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैंलेकिन ठेका कंपनी तय समय सीमा पर कार्य नहीं हो रहे है। योजना के तहत अभी तक केवल 30 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई है और पेयजल टंकी का निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है। ठेका कंपनी द्वारा लगातार कार्य में विलंब किया जा रहा है। नगर पालिका मंडला की ढिलाई के चलते ठेका कंपनी पर कार्य में देरी से किए जाने पर न तो जुर्माना किया गया और न ही कोई सूचना पत्र जारी किया गया।
इस लापरवाही से योजना के पूरा होने में समय लग रहा है। इसका सीधा असर उन क्षेत्रों पर पड़ रहा है जिन्हें शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह योजना शुरू की गई थी। इसको लेकर स्थानीय रहवासियो में नाराजगी देखी जा रही है। योजना की मॉनीटरिंग कर रहे उपयंत्री गोलमोल जबाब दे रहे है। लगातार सपंर्क करने के बाद फोन नहीं उठा रहे है।
जानकारी के अनुसार मंडला में अमृत टू योजना का काम नवंबर 2025 में शुरू किया गया है। दस माह में ठेका कंपनी मेसर्स सुशील कुमार शर्मा सतना के द्वारा 30 किमी लंबाई की अलग अलग जगह पाइप लाइन बिछाई गई है। इसके साथ नगरपालिका परिसर और मोहनटोला में पेयजल का टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।जिनका निर्माण अभी तक नहीं हो सका है। नपा परिसर स्थित टंकी का निर्माण करीब पूरा होने वाला है लेकिन मोहनटोला में काफी काम रह गया है। इसके बाद भी नपा के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगरीय निकाय क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अमृत 2 योजना का कार्य प्रगति पर है। इस योजना के पूरा होने के बाद निकाय क्षेत्र में 2100 नए नल कनेक्शन और जुड़ेंगे। वर्तमान में निकाय क्षेत्र में कुल 8580 नल कनेक्शन उपलब्ध हैं। लाइन विस्तार के बाद नए कनेक् शन भी किए जा रहे है। अमृत 2 योजना के तहत विभिन्न वार्डों में लाइन विस्तार का कार्य किया गया।। इसके अंतर्गत सरदार पटेल वार्ड, रानी अवंती वार्ड, इंदिरा गांधी वार्ड, राज राजेश्वरी वार्ड, महाराजपुर में नई लाइनें बिछाई गई। इस विस्तार से हजारों घरों को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। योजना का मुख्य उद्देश्य सभी घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाना और जल वितरण प्रणाली को बेहतर बनाना है।
40 साल पुरानी पेयजल टंकी ध्वस्त होगी
बाजार स्थित चालीस साल पुरानी पेयजल टंकी को ध्वस्त करने की योजना है। यह कार्य नवीन पेयजल टंकी का निर्माण पूरा होने और उसकी सफल टेस्टिंग के बाद किया जाएगा। हालांकि नगर पालिका द्वारा नवीन टंकी के निर्माण का कार्य समय पर पूरा नहीं कराया गया है जिससे पुरानी टंकी को हटाने की योजना लंबित है। बाजार स्थित यह पुरानी टंकी ध्वस्त होने के बाद जो भूमि रिक्त होगी, उसके उपयोग के लिए भी नगर पालिका ने अभी तक कोई कार्ययोजना तैयार नहीं की है। इस कारण उक्त खाली जमीन पर अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन को इस संबंध में शीघ्र कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए ताकि भूमि का उचित उपयोग हो सके।







