करंट का जाल, नर्मदा में लाश: गुमशुदगी की फाइल खुली तो निकला 9 कातिलों का खूनी चक्रव्यूह…पढ़ें सनसनीखेज खुलासा

नरसिंहपुर। पलोहा थाना क्षेत्र में गुमशुदगी के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए नरसिंहपुर पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने खेत में बिजली का तार बिछाकर युवक की करंट लगाकर हत्या कर शव नर्मदा नदी में फेंक दिया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस मामले का सफल खुलासा किया।
यह था मामला
दिनांक 16.09.2026 को प्रार्थी लाखन सिंह गुर्जर निवासी ग्राम खकरिया ने थाना पलोहा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र तरवर उर्फ बड्डू गुर्जर उम्र 28 वर्ष दिनांक 14.09.2026 की शाम 8 बजे उत्तरा बाई को छोड़ने अपने मामा के घर ग्राम गुज्जरखेड़ा गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं आया। गुमशुदा की मोटरसाइकिल पावर हाउस के पास भटेरा में लावारिस हालत में मिली थी। रिपोर्ट पर धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
जांच में सामने आया कि गुमशुदा को आखिरी बार सुरेन्द्र जाटव के साथ देखा गया था। संदेही सुरेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से खेत में बिजली का तार बिछाया था। दिनांक 14.09.2026 की रात्रि तरवर के वहां पहुंचने पर करंट प्रवाहित कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को छिपाने के उद्देश्य से एनटीपीसी घाट, नर्मदा नदी में फेंक दिया गया। एसडीआरएफ टीम की सहायता से शव की तलाश जारी है।
पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिजली का तार, गुमशुदा का गमछा, हाथ में पहनने का कड़ा एवं मोटरसाइकिल की चाबी जप्त की है। प्रकरण में धारा 103(1), 238(2), 61(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है।
*गिरफ्तार आरोपी -* सुरेन्द्र जाटव, लखन उर्फ भुज्जू जाटव, हेमराज उर्फ हिम्मू जाटव, बाबूलाल जाटव, भगवत जाटव, कमलेश उर्फ कम्मू जाटव, पूरन जाटव, राजेन्द्र जाटव, लक्ष्मण जाटव सभी निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा।







