घर के आंगन और मैदान में छिपाकर रखी थी शराब, पुलिस ने पकड़ी,मझौली-रांझी में शराब के खिलाफ कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मझौली और रांझी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 496 पाव देशी शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
मझौली थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने बताया कि 2 अक्टूबर को सूचना पर पोला रोड स्थित मिंटू साहू के घर के आंगन में दबिश दी गई। पुलिस को मौके से दो बोरियों में 346 पाव देशी शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 27 हजार 88 रुपये है। मिंटू साहू मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।
इसी तरह रांझी पुलिस ने मोहनिया स्थित पुरानी शराब दुकान के पास मैदान में दबिश देकर रामगोपाल प्रसाद उर्फ बल्ली पटेल (60) निवासी नई बस्ती रांझी को पकड़ा। उसके कब्जे से तीन पेटियों में रखी 150 पाव देशी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 14 हजार 600 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।







