जबलपुरमध्य प्रदेश

कजरवारा मैदान में टूटकर गिरा बिजली का तार, तीन गौवंश की मौत, देखे वीडियो ……

रहवासियों और पशुपालकों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश

जबलपुर,यशभारत। गोराबाजार थाना क्षेत्र के कजरवारा मैदान में शनिवार को बारिश के दौरान बिजली का पोल टूटकर गिरने से हाई-वोल्टेज तार जमीन पर आ गया। उस समय मैदान में घास चर रहे तीन गौवंश तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पशु मालिक सौरभ पटेल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने बताया कि मैदान में बिजली के तार और पोल लंबे समय से खराब स्थिति में थे। बारिश के दौरान पोल टूटने से तार नीचे गिर गया और गौवंश उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने घटना को बिजली विभाग की लापरवाही का परिणाम बताते हुए नाराजगी जताई।

पशु मालिक सौरभ पटेल के अनुसार, क्षेत्र में बिजली के तारों के खतरनाक तरीके से लटकने और जर्जर पोल को लेकर विभाग को पहले भी शिकायत की गई थी। इसके बावजूद समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि यदि विभाग ने शिकायतों को गंभीरता से लिया होता तो हादसा टाला जा सकता था।

हादसे में करीब ढाई लाख रुपए के नुकसान का दावा किया गया है। पशु मालिक ने प्रशासन और बिजली विभाग से मृत गौवंश के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय रहवासियों और पशुपालकों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में जर्जर बिजली पोल और पुराने तारों की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button