आखिरी घूंट का राजदार कौन…? : संदिग्ध हालात में मिला अधेड़ का शव, साथी हिरासत में, हत्या की आशंका…सिर पर चोट के निशान

मंडला । बिछिया थाना क्षेत्र के सिझौरा स्थित फोक चौराहे पर गुरुवार को राजेश उर्फ राजू यादव (50) का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस को हत्या की आशंका है। मौके की जांच के दौरान पुलिस ने आशंका जताई कि हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया है। सूचना पर एसपी राजेश रघुवंशी और एसडीओपी सौरभ तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे।
एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सबूत जुटाए गए। राजू यादव को आखिरी बार 19 अक्टूबर की शाम देखा गया था। वह दो-तीन दिन से लापता थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक रात में गांव के एक व्यक्ति के साथ शराब पी रहा था। पुलिस ने उस संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी राजेश रघुवंशी के मुताबिक, शव के सिर पर चोट का निशान है और चोट से ही मौत होने की आशंका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।







