शाहजहानी पार्क में अतिथि शिक्षकों ने उठाई स्थायी रोजगार की मांग

शाहजहानी पार्क में अतिथि शिक्षकों ने उठाई स्थायी रोजगार की मांग
भोपाल, यश भारत । शिक्षक दिवस पर शनिवार को तेज बारिश के बीच अतिथि शिक्षकों ने शाहजहानी पार्क में सांकेतिक प्रदर्शन कर सरकार से लंबित घोषणाओं को लागू करने की मांग उठाई। खराब मौसम के कारण प्रदर्शन में अपेक्षाकृत कम शिक्षक पहुंच सके। संगठन ने बताया कि बारिश के बीच आसानी से पहुंच पाने वाले शिक्षकों को ही प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया था।
अतिथि शिक्षक समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह परिहार ने कहा कि सरकार की ओर से अतिथि शिक्षकों के वार्षिक अनुबंध, बीच सत्र में बेरोजगार नहीं करने, गुरुजियों की तर्ज पर नियमितीकरण की नीति बनाने और सीधी भर्ती में बोनस अंक देने जैसी घोषणाएं की गई थीं, लेकिन अब तक इन पर प्रभावी अमल नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं देने के बावजूद अतिथि शिक्षकों के रोजगार का भविष्य तय नहीं है। उन्होंने सरकार से स्थायी रोजगार नीति लागू कर वर्षों से चली आ रही अस्थिरता खत्म करने की मांग की।







