मध्य प्रदेशराज्य

यूनिवर्सिटी के छात्रों पर खूनी हमला; 100 से ज्यादा छात्रों ने घेरा थाना

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों पर रविवार देर शाम हुई ‘कटरबाजी’ की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। मामूली पिज्जा डिलीवरी के विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि आरोपियों ने वीसी बंगले जैसे सुरक्षित क्षेत्र के पास छात्रों पर कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में 5 छात्र घायल हुए हैं। घटना के विरोध में आक्रोशित छात्रों ने आधी रात को सिविल लाइन थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया।

यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के विवेकानंद हॉस्टल में रहने वाले बिहार निवासी बीएससी छात्र रितिक राज पिता राकेश कुमार सिंह (19 वर्ष) ने रविवार शाम डोमिनोज से पिज्जा ऑर्डर किया था। डिलीवरी बॉय छोटू पवार ने छात्र को गोपालगंज यादव बिल्डिंग बुलाया, लेकिन वहां न आकर उसे इंडियन मेस वाली गली में आने को कहा। जब रितिक वहां पहुंचा तो डिलीवरी बॉय विवाद करने लगा और बिना पिज्जा दिए उसे सिविल लाइन चौपाटी आने की चुनौती दे डाली।

वीसी बंगले के सामने खूनी संघर्ष, 5 छात्र जख्मी

रितिक अपने साथी प्रियांशु नारायण, प्रशांत देवतल्ला और अमन राठौर के साथ जब सिविल लाइन पहुंचा, तो आरोपी छोटू पवार अपने 6-7 हथियारबंद साथियों के साथ पहले से घात लगाकर बैठा था। आरोपियों ने छात्रों को देखते ही हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए जब छात्र वीसी बंगले की ओर भागे, तो आरोपियों ने उन पर कटर से जानलेवा वार किए। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में 5 छात्र कटर लगने से लहूलुहान हुए हैं, जिनका उपचार बीएमसी में कराया गया।

गुस्साए छात्रों ने आधी रात थाने को घेरा

वारदात के बाद रात करीब 12 बजे विश्वविद्यालय के विभिन्न हॉस्टलों से 100 से अधिक छात्र लामबंद होकर सिविल लाइन थाना पहुंचे। छात्रों ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की। छात्रों के भारी दबाव को देखते हुए पुलिस ने छात्रों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू पवार व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

असामाजिक तत्वों के बुलंद हौसलों से दहशत

विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य मार्ग और वीसी बंगले के सामने हुई इस घटना ने सिविल लाइन पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि मामूली विवाद में सरेराह कटर जैसे घातक हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button