कटनी
यशभात खुलासा : जमीन निगल गई या आसमान खा गया 32 ट्रक चावल, कटनी से भेजा गया 10 हजार 975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल रास्ते में गायब, नहीं पहुंचा इंदौर, नीमच और हरदा, प्रशासन सकते में, कलेक्टर ने कहा – करा रहे जांच, ट्रांसपोर्टर और तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में


विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) से चावल परिवहन के नाम पर करीब चार करोड़ रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। वर्ष 2025 में कटनी जिले से हरदा, इंदौर और नीमच जिलों के लिए भेजे गए चावल की 32 गाडिय़ां संबंधित जिलों में पहुंचने का रिकॉर्ड नहीं होने की जानकारी सामने आई है। इनमें इंदौर में 8 गाडिय़ों में 2641 क्विंटल, हरदा में 14 ट्रक में 4763 क्विंटल और नीमच में 10 ट्रकों में 3569 क्विंटल चावल था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) चावल परिवहन की जिम्मेदारी भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को दी गई थी। तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेन्द्र तिवारी की निगरानी में चावल से लदी गाडिय़ों को रवाना किया गया था, लेकिन सवाल यह है कि परिवहन के लिए निकली गाडिय़ां आखिर संबंधित जिलों तक क्यों नहीं पहुंचीं। चावल की गाडिय़ां संबंधित जिलों में नहीं पहुंचने के बाद भी आज तक न तो मामले की जांच की गई और न ही ट्रांसपोर्टस पर कार्रवाई की गई। सवाल यही है कि आखिर घोटाला करने के पीछे कौन है और इन्हें कौन संरक्षण दे रहा है। कटनी से भेजा गया चावल यदि गंतव्य तक नहीं पहुंचा तो उसकी जवाबदेही किसकी है और परिवहन के दस्तावेजों में उसे किस आधार पर रवाना दर्शाया गया है।
एक गाड़ी में 30 से 35 टन चावल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रत्येक गाड़ी में 30 से 35 टन चावल लोड किया गया था। चावल की कीमत करीब 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल बताई जा रही है। इस हिसाब से गायब बताए जा रहे चावल की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि यह सार्वजनिक वितरण व्यवस्था से जुड़ा सरकारी खाद्यान्न है। जो कि आगामी समय में पात्र हितग्राहियों को वितरित किया जाना था। चावल गायब होने के बाद अब संबंधित जिलों में चावल वितरण में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रांसपोर्टर से लेकर निगरानी व्यवस्था तक सवाल
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन के बाद मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) द्वारा चावल परिवहन का ठेका भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस में तीन साझेदार हैं। इनमें चाकघाट निवासी कोई केशरवानी, छतरपुर निवासी श्री जैन और विभाग से ही जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी का नाम सामने आ रहा है। हालांकि साझेदारों की भूमिका और उनकी जिम्मेदारी की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी चावल लेकर निकली गाडिय़ों की गंतव्य तक पहुंचने की पुष्टि किसने की। परिवहन बिलों का भुगतान हुआ या नहीं। जीपीएस, वाहन नंबर, चालान और प्राप्ति रसीदों का मिलान क्यों नहीं कराया गया।
एफआईआर नहीं, जांच भी नहीं
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी सामने आने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज होने अथवा किसी ठोस जांच की कार्रवाई की जानकारी नहीं है। विभाग की चुप्पी पूरे मामले को और गंभीर बना रही है। अब सवाल नान के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि 32 गाडिय़ों में लदा सरकारी चावल आखिर कहां गया। क्या परिवहन के नाम पर कागजों में ही चावल की आवाजाही दिखाई गई या रास्ते में ही सरकारी खाद्यान्न खुर्द-बुर्द कर दिया गया। करोड़ों के इस मामले में ट्रांसपोर्टर के साथ-साथ तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
कई माहों से नान में अधिकारी नहीं
बताया जाता है कि मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेन्द्र तिवारी के कटनी से तबादले के बाद से ही इस पद पर किसी अधिकारी की पोस्टिंग नहीं की गई है। श्री तिवारी के तबादले के बाद एसडीएम जितेन्द्र पटेल को नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था और वर्तमान में जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर के पास प्रभार है। गेहंू और धान उपार्जन का काम करने वाले इस विभाग में किसी जिम्मेदार अधिकारी की पदस्थापना नहीं किया जाना भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
प्रकरण की जांच की जा रही : कलेक्टर
इस पूरे मामले में जब कलेक्टर आशीष तिवारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
इनका कहना है
मैने कुछ दिन पहले ही मप्र राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का प्रभार संभाला है। इस मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है। वैसे भी यह मामला करीब एक साल पुराना है। दस्तोवजों की जांच करते हुए संबंधित जिलों से जानकारी मंगवाकर मामले की जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
-रविकांत ठाकुर, जिला आपूर्ति अधिकारी
प्रभारी अधिकारी जिला प्रबंधक, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम







