पटाखों के दाम बढ़े, डिमांड भी कई गुना बढ़ी, इको-फ्रेंडली पटाखे पहली पसंद, बटरफ्लाय, ग्रीन कैकर्स और फैंसी आइटम फस्र्ट च्वाइस

कटनी, यशभारत। दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच पटाखा दुकानों के लिए अस्थायी लाईसेंस जारी किए जा रहे हैं। इस बार कटनी में तीन स्थानों पर पटाखा बाजार लगेगा। इसमे पुलिस लाइन होमगार्ड मैदान झिंझरी, एनकेजे और इमलिया रोड शामिल है। दुकानों के लाईसेंस 15 दिनों के लिए दिए जाएंगे। पटाखा की दुकानें 6 नवंबर धनतेरस से शुरू होकर एकादशी तक लगाई जा सकेंगी। दीवाली हो और शहर में रोशनी के साथ पटाखों की गूंज न हो, ऐसा संभव नहीं है। इस बार दिवाली पर पटाखों की डिमांड काफी अधिक है। पटाखा व्यापारियों की मानें तो पिछले साल की अपेक्षा इस साल पटाखा के दामों में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हुई है। विक्रेताओं के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस बार पटाखों की कीमतों में वृद्धि के बावजूद दीपावली के जोश में कमी नहीं है। ग्राहकों का कहना है कि कीमतें बढ़ी जरूर हैं लेकिन त्योहार पर थोड़े बहुत पटाखा फोडऩा तो बनता ही है।
ग्रीन और इको-फ्रेंडली पटाखे मचाएंगे धूम
पटाखा विक्रेताओं का कहना है कि इस बार बाजार में कई बड़े ब्रांड के ग्रीन और इको-फ्रेंडली पटाखे उपलब्ध हैं। पिछले दो वर्षों से ग्रीन पटाखों का चलन बढ़ा है। इस वर्ष भी ग्राहकों की पहली पसंद यही बन रहे हैं। इसके अलावा पारंपरिक फुलझड़ी से लेकर नए डिजाइन वाले इको-फ्रेंडली क्रेकर्स की पूछपरख ज्यादा है। इस बार नए पटाखों में हवा में उडक़र दगने वाले पटाखों में हेलीकॉप्टर, बटरफ्लाई, फोटो फ्लैश, आसमानी शॉट, ओलंपिक टार्च, बोफोर्स तोप जैसी तोप सहित शेर, बत्तख व ट्री अनार उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए फुलझड़ी, पॉप-पॉप, चरखी, माचिस समेत कम आवाज वाले पटाखे बिक रहे हैं। इस बार फैंसी आइटम की नई श्रृंखला आ चुकी है, जिसकी मांग बहुत ज्यादा बताई जा रही है।
क्या कहते हैं पटाखा व्यवसायी
पटाखा व्यवसायी ललित जायसवाल ने बताया कि सुतली बम और स्काय शॉट्स जैसे कुछ आइटम की डिमांड ज्यादा रहती है। युवा वर्ग एटम बम फोडऩा ज्यादा पसंद करता है, जबकि बच्चों के लिए भी कई आयटम ऐसे हैं, जो उन्हें लुभा रहे हैं। पटाखा व्यवसायी अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस बार बाजार में वंडर थ्रो नाम से पॉल्यूशन फ्री पटाखे भी आए हैं। इन्हें हाथ से फेंकने पर ये फूटते हैं और जोरदार साउंड के बावजूद धुआं नहीं छोड़ते। ये पटाखे ग्राहकों को खूब भा रहे हैं। बच्चों में कारतूस वाली रिंग कैप और पॉप अप की भी जबर्दस्त डिमांड है।







