नशे में ट्रक चलाते पकड़ा गया चालक, बड़वारा पुलिस ने वाहन किया जब्त, एमव्हीए के तहत कार्रवाई

कटनी, यशभारत। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटनी पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में ट्रक चलाते हुए एक चालक को पकड़ा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। विगत दिवस बड़वारा पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक को रोककर चालक की जांच की गई। ब्रीथ एनालाइजर मशीन से परीक्षण करने पर चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। पकड़े गए चालक की पहचान राजेश कुमार पिता ठाकुर सुखवीर सिंह निवासी रामपुर थाना अखरवाल, जिला अलीगढ़, राजस्थान के रूप में हुई है। शराब के नशे में वाहन चलाना सडक़ पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया और चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। प्रकरण के निराकरण के लिए इस्तगासा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की भूमिका रही।






