आरटीओ कार्यालय के सामने बस ने बाइक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान युवक की मौत
तेज रफ्तार बस चालक की लापरवाही से हुआ हादसा, मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

जबलपुर, यश भारत। आरटीओ कार्यालय के सामने तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। माढ़ोताल पुलिस के मुताबिक आईटीआई निवासी शिवम कोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 नवंबर को कार्तिक कोल ने उसके मोबाइल पर फोन कर बताया कि उसके चचेरे भाई शुभम कोल का आरटीओ कार्यालय के पास उदय ज्वेलर्स के सामने एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वह अपने साथी गौरव के साथ मौके पर पहुंचा। वहां पता चला कि बस क्रमांक एमपी 70 जेडडी 8090 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए शुभम की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में शुभम के पेट, कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दुर्घटना के बाद फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।







