नगर परिषद बरही की बैठक में पहुंचे इस्तीफा देने वाले कांग्रेस पार्षद, सामूहिक इस्तीफा महज सियासी दबाव या राजनीतिक ड्रामा

बरही/कटनी, यशभारत। नगर परिषद बरही की परिषद बैठक में उस समय राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया, जब कलेक्टर को सामूहिक इस्तीफा सौंपने वाले कांग्रेस के 6 पार्षदों में से 4 पार्षद बैठक में शामिल होने पहुंच गए। इन पार्षदों की मौजूदगी ने कांग्रेस के सामूहिक इस्तीफे के फैसले पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर परिषद में आयोजित बैठक में आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए नई फायर ब्रिगेड वाहन की खरीदी, सब्जी मंडी के विकास, नए बस स्टैंड की व्यवस्था तथा प्रसिद्ध धार्मिक स्थल विजयनाथधाम में सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने सहित नगरहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, एल्डरमैन सहित 15 पार्षदों ने सहभागिता निभाई लेकिन बैठक का सबसे चर्चित पहलू उन कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी रही, जिन्होंने बीते दिनों प्रशासनिक व्यवस्था के विरोध में कलेक्टर को अपना सामूहिक इस्तीफा सौंपा था। इस्तीफा देने वाले 6 कांग्रेस पार्षदों में से 4 पार्षद बैठक में शामिल हुए, जबकि वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद नैंसी अमित गुप्ता और वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद प्रज्ञा अजय वर्मा बैठक से अनुपस्थित रहीं।
राजनीतिक गलियारों में नई बहस
सामूहिक इस्तीफे के बाद परिषद की बैठक में चार कांग्रेस पार्षदों की उपस्थिति ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। सवाल उठने लगे हैं कि यदि पार्षदों ने वास्तव में इस्तीफा दे दिया है, तो फिर परिषद की बैठक में उनकी सहभागिता का क्या औचित्य है। क्या इस्तीफे का फैसला महज प्रशासन पर दबाव बनाने की रणनीति था या फिर कांग्रेस पार्षदों के बीच ही इस मुद्दे पर एकराय नहीं है। बैठक के अंत में बरही के भीषण अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष मरावी सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






