भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, पहले दिन पहुंचे सांसद वीडी शर्मा, विनोद गोटिया, लोकेंद्र पाराशर और सुजीत जैन

कटनी, यशभारत। भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आज से सत्कार गार्डन में शुरू हो गया। दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सांसद और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद गोटिया, पूर्व मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, जिला प्रभारी सुजीत जैन समेत अन्य नेता मौजूद रहे। प्रशिक्षण में कटनी जिले के पात्र कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें संगठन एवं सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए तैयार करना है। भाजपा नेताओं का कहना है कि अभ्यास वर्ग कार्यकर्ताओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। भाजपा व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण की भावना पर कार्य करने वाला संगठन है। भाजपा कार्यकर्ताओं में अनुशासन, समय प्रबंधन, समर्पण और वैचारिक स्पष्टता प्रशिक्षण के माध्यम से विकसित होती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान अंतर्गत प्रारंभ हुए प्रशिक्षण सत्र में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने प्रस्तावना उद्बोधन रखा एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने प्रशिक्षण महाअभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक के रूप में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण की आवश्यकता क्यों ? एवं इसके लाभ के साथ ही व्यक्तित्व निर्माण पर विचार रखें।
ई रिक्शा से पहुंचे प्रशिक्षण में
प्रशिक्षण वर्ग में आज पीएम मोदी के आव्हान का असर भी देखने मिला। मोदी ने पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील नागरिकों से की है। भाजपा नेता आशीष गुप्ता और वागीश आनंद पेट्रोल बचाने के लिए ई रिक्शा से पन्ना मोड़ स्थित सत्कार गार्डन पहुंचकर प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए।









