बाबा को लिफ्ट देने के बहाने जंगल ले जाकर लूट, 12 हजार और दस्तावेजों से भरा थैला लूटकर आरोपी फरार, पुलिस ने मामला दर्ज किया दोनों आरोपियों को गिरफ्तार

कटनी/पन्ना, यशभारत। कटनी से सटे शाहनगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग साधु के साथ लिफ्ट देने के बहाने हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शाहनगर थाना क्षेत्र के महंगवा घाट निवासी 65 वर्षीय बाला प्रसाद सिंह राठौर पूजा पाठ का कार्य करते हैं। 24 जुलाई को वे इलाज कराने शाहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आए थे। इलाज के बाद जब वे अस्पताल के बाहर अपने गांव जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और महंगवा घाट तक छोडऩे की बात कहकर उन्हें अपने साथ बैठा लिया लेकिन कुछ दूरी आगे बढऩे के बाद युवकों ने रास्ता बदल दिया। पहले पेट्रोल भरवाने का बहाना बनाया, फिर खमतरा में पड़वा देखने की बात कहते हुए उन्हें सुनसान जंगल की ओर ले गए। जब बुजुर्ग ने बीच रास्ते में उतरने की बात कही तो आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि वे उन्हें सुरक्षित घर छोड़ देंगे। विसानी गांव के आगे सतधारा शहपुरा तिराहे के पास सुनसान स्थान पर दोनों युवकों ने मोटरसाइकिल रोक दी और बुजुर्ग के कंधे से टंगा थैला जबरन छीन लिया। थैले में 12 हजार नकद, भारतीय स्टेट बैंक और जिला सहकारी बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पैन कार्ड, गैस कनेक्शन बुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त किसी तरह पैदल अमुआ मोड़ पहुंचे और बस से अपने गांव लौटे। अगले दिन परिजनों के साथ शाहनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने धारा 309(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में शाहनगर थाना प्रभारी परसराम डाबर, उप निरीक्षक मनोज यादव, प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी, आरक्षक राकेश सिंह, सोहन भिलाला, महिला आरक्षक दीक्षा, प्रियंका का योगदान रहा।







