कटनी

कटनी से जुड़े नशे के कारोबार के तार, इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, तीन आरोपियों को कटनी से पकड़ा, माधवनगर के भी युवक शामिल

कटनी, यशभारत। नशे के कारोबार के खिलाफ इंदौर की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि इंदौर पुलिस की इस कार्रवाई के तार कटनी से जुड़े हुए हैं। कुछ दिन पहले इंदौर पुलिस ने कटनी आकर इस मामले में लिप्त दो-तीन लडक़ों को हिरासत में लिया है। इसमे माधवनगर के भी युवक शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से हडक़म्प मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इंदौर पुलिस की इस टीम कुछ दिन पहले कटनी आई थी और कटनी पुलिस के सहयोग से नशे में कारोबार में लिप्त कुछ संदेहियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में आगे की कार्रवाई इंदौर पुलिस द्वारा ही की जा रही थी। कटनी पुलिस भी मामले पर पूरी नजर रखे हुए हैं। प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं इनकी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही कर इनके नेटवर्क को नेस्तनाबूत करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में इंदौर पुलिस द्वारा अभियान चलाकर अवैध नशे पर कड़ा प्रहार किया गया है। जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम ने मोइनुद्दीन उर्फ मोना निवासी इंदौर, शावेज़ निवासी इंदौर को अवैध 360 नग कोडीन सिरप बॉटल्स, आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव निवासी इंदौर को 1950 नग अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों को सप्लाई करने वाली चैन की तकनीकी एवं मुखबिर के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर क्राईम ब्रांच टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए अमर सिंह निवासी सतना आरोपी, अमन रावत निवासी भोपाल एवं आकाश जैन निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ के बाद कई खुलासे हुए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद इसके तार कटनी से जुड़े। जिसके बाद इंदौर पुलिस ने कटनी आकर दो-तीन लडक़ों को अपनी गिरफ्त में किया। संदेही आरोपियों से अब इंदौर पुलिस पूछताछ कर रही है और पूछताछ के बाद इस मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।
इनका कहना है
नशे के अवैध कारोबार को लेकर कुछ दिन पहले इंदौर पुलिस कटनी आई थी और शहर के साथ माधवनगर थाना क्षेत्र में दबिश दी थी। इस मामले की जांच इंदौर पुलिस कर रही है। कटनी पुलिस भी नशे के अवैध कारोबार को जड़ से उखाडऩे के लिए कार्रवाई कर रही है।
-अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button