बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग : युवक बुरी तरह जख्मी , क्षेत्र में हड़कंप

रीवा । जिले के मनगवां थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती में सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर गोली चलाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सघन तलाश शुरू कर दी है। मामले में हत्या के प्रयास (बीएनएस की संबंधित धाराओं) का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। रात्रि में हुई इस फायरिंग की घटना से पुरानी बस्ती सहित पूरे मनगवां क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।







