प्रयागराज से विदिशा जा रही स्लीपर बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई, चालक समेत दो की मौत, 20 यात्री घायल

प्रयागराज से विदिशा जा रही स्लीपर बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई, चालक समेत दो की मौत, 20 यात्री घायल
भोपाल, यशभारत। झांसी-कानपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से मध्य प्रदेश के विदिशा जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस पारीछा पावर प्लांट के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस ड्राइवर और एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर के कारण बस चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और सभी घायलों को तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल, बड़ागांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।






