मनमर्जी से फेंका जा रहा शताब्दीपुरम रोड पर मलबा
शहनाई गार्डन के पास सड़क बनी डंपिंग यार्ड, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी

मनमर्जी से फेंका जा रहा शताब्दीपुरम रोड पर मलबा
शहनाई गार्डन के पास सड़क बनी डंपिंग यार्ड, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
जबलपुर, यश भारत। शहर में अवैध रूप से मलबा फेंकने का खेल लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शताब्दीपुरम स्थित शहनाई गार्डन के पास का है, जहां सड़क किनारे बड़ी मात्रा में भवन निर्माण का मलबा फेंका जा रहा है। हालात यह हैं कि मुख्य मार्ग अब धीरे-धीरे डंपिंग यार्ड में तब्दील होता नजर आ रहा है। सड़क पर फैले मलबे से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
.jpeg)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे को हटाने के नाम पर वाहन चालकों को पैसे दिए जाते हैं, लेकिन तय स्थान पर मलबा डालने के बजाय डीजल और समय बचाने के लिए इसे सीधे सड़क किनारे फेंक दिया जाता है। देर रात और सुबह के समय यह पूरा खेल खुलेआम चल रहा है।
सड़क पर पड़े मलबे के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं सड़क की चौड़ाई कम होने से ट्रैफिक भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हवा चलने पर मलबे से उड़ने वाली धूल आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।
रहवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।







