पॉश कॉलोनी में ड्रग्स का खुलासा, कैग अधिकारी की पत्नी गिरफ्तार

पॉश कॉलोनी में ड्रग्स का खुलासा, कैग अधिकारी की पत्नी गिरफ्तार
किचन से एमड़ी और गांजा बरामद, पुलिस तलाश रही नशे के कारोबार की कड़ी
भोपाल, यश भारत । कटारा हिल्स थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी प्राइड सिटी में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर मादक पदार्थ बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस को घर के किचन से करीब 3 ग्राम MD और 1 किलो 200 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने मामले में कैग के ऑडिट ऑफिसर की पत्नी सोनम बिसेन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली थी कि प्राइड सिटी स्थित एक मकान में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान किचन से मादक पदार्थ बरामद हुए। पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एमडी और गांजा महिला के पास कहां से पहुंचा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नशीले पदार्थों को आगे किसी व्यक्ति को सप्लाई किया जाना था या नहीं।
पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि मादक पदार्थों की बरामदगी के पीछे कोई सप्लाई नेटवर्क हो सकता है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।







