पानी की समस्या को लेकर शहडोल-रायपुर हाईवे पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम : सड़क पर ग्रामीणों के बीच बैठकर सीईओ ने सुनी समस्याए

यशभारत डिंडोरी lपेयजल समस्या और पानी सप्लाई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होने से नाराज सरवाही गांव के ग्रामीणों ने शहडोल-रायपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के सड़क पर उतरने से हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर बजाग जनपद पंचायत के सीईओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के बीच सड़क पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीण लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि पानी सप्लाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाई।
मौके पर पहुंचे जनपद सीईओ ने ग्रामीणों से सड़क पर बैठकर सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारी के इस व्यवहार को देखकर ग्रामीण भी प्रभावित नजर आए। ग्रामीणों ने कहा कि आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्या सुनने का यह तरीका सराहनीय है। अधिकारियों द्वारा इसी तरह मौके पर पहुंचकर संवाद किया जाए तो समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी तरीके से हो सकता है।
सीईओ ने ग्रामीणों को उनकी पेयजल समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और हाईवे पर आवागमन सामान्य हुआ।
ग्रामीणों में दिखी संतुष्टि
चक्काजाम के दौरान जहां ग्रामीण पानी की समस्या को लेकर आक्रोशित थे, वहीं सीईओ द्वारा सड़क पर बैठकर उनकी बात सुनने के बाद ग्रामीणों के तेवर नरम पड़े। ग्रामीणों ने अधिकारी के व्यवहार की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई होगी।







