यश भारत सतना।जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कृपालपुर के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृपालपुर निवासी 30 वर्षीय मिंटू विश्वकर्मा शनिवार रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सतना-रीवा ओल्ड हाईवे पर रीवा की ओर से आ रहे हाइवा क्रमांक सीजी 05 पीएफ 1923 ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिंटू की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
कोलगवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार हाइवा चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है।
Back to top button