रेत की बोरियों में छिपा रखी थी शराब, पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को दबोचा

रेत की बोरियों में छिपा रखी थी शराब, पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को दबोचा
85 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 24 मामले
भोपाल, यशभारत। राजधानी में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपने घर में रखी रेत की बोरियों के भीतर शराब छिपा रखी थी। पुलिस ने मौके से करीब 47 हजार रुपये कीमत की 85 लीटर देशी शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मुखबिर की सूचना के अधार पर ईदगाह हिल्स चौकी क्षेत्र के मजदूर नगर के पास से आरोपी डेनी मकवाना (46) पिता स्व. डालचंद को हिरासत में लिया। जिसके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती तलाशी में पुलिस को कुछ नहीं मिला, लेकिन जब घर में रखी रेत की बोरियों की बारीकी से जांच की गई, तो उनके अंदर से प्लास्टिक के कट्टे निकले। इन कट्टों में देशी मदिरा प्लेन के 472 क्वार्टर छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पकड़ा गया आरोपी डेनी मकवाना शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध शाहजहाँनाबाद, टीलाजमालपुरा, परवलिया और क्राइम ब्रांच में कुल 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें शराब तस्करी के 9, मारपीट के 11 और जुआ एक्ट के 4 मामले शामिल हैं।







