नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 6 लाख की ठगी

नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 6 लाख की ठगी
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाजपेई नगर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से 6 लाख रुपए ऐंठ लिए और साल भर बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाजपेई नगर निवासी शोभा कुशवाह उम्र 32 वर्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि धर्मेंद्र सिंह कुशवाह नामक व्यक्ति ने उनकी नौकरी लगवाने का वादा किया था। आरोपी ने इस काम के एवज में पीड़िता से कुल 6 लाख रुपए की मांग की थी, जिसे पीड़िता ने उसे सौंप दिया।
साल भर से दे रहा था झांसा
शिकायत में बताया गया है कि पैसे लेने के बाद आरोपी नौकरी लगवाने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे। पिछले एक साल से आरोपी पैसे लौटाने के नाम पर पीड़िता को गुमराह कर रहा था। अंततः परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस की कार्रवाई
शाहजहानाबाद थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी धर्मेंद्र सिंह कुशवाह के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने क्या किसी और को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।







