मध्य प्रदेशराज्य

जादू-टोना और जमीन विवाद में भतीजे ने कराई चाचा की हत्या : 6 आरोपी गिरफ्तार

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र के ग्राम सिहोरा में बीते दिवस तालाब किनारे मिले 42 वर्षीय व्यक्ति के शव के मामले लखनादौन पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लखनादौन थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि अंधी हत्या (ब्लाइंड मर्डर) लग रहे इस मामले में मृतक के ही भतीजे ने जादू-टोना करने की आशंका और जमीन के विवाद के चलते अपने चाचा की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार बीते दिवस सिहोरा गांव के तालाब किनारे उथले पानी में मोहनलाल गोल्हानी (42) का शव मिला था। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मृतक के भतीजे राहुल गोल्हानी की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से यह शंका पाल बैठा था कि उसके चाचा जादू-टोना कर उसकी तबीयत खराब कर रहे हैं। साथ ही पारिवारिक जमीन-जायदाद में चाचा को अधिक हिस्सा मिलने से भी वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने आकाश महोबिया को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार राहुल ने डीएपी खाद दिलाने का बहाना बनाकर अपने चाचा मोहनलाल को तालाब की ओर बुलाया। इस दौरान पहले से मौजूद आकाश महोबिया, धर्मेन्द्र अहिरवार, प्रियांशु यादव और आशीष काकोडिया ने गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात में राहुल की मां गीता बाई ने भी आरोपियों को मृतक की लोकेशन उपलब्ध कराकर सहयोग किया। हत्या के बाद शव को तालाब किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला दुर्घटना या सामान्य मौत का प्रतीत हो।

पुलिस ने मामले में राहुल गोल्हानी, गीता बाई, आकाश महोबिया, धर्मेन्द्र अहिरवार, प्रियांशु यादव और आशीष काकोडिया को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में लखनादौन थाना पुलिस की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button