शराब पीकर वाहन चलाने पर 30 हजार का जुर्माना, यातायात पुलिस ने तीन वाहन चालकों पर की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। सडक़ सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान संचालित किया जा रहा है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने ड्रिंक एंड ड्राइव वाले चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा सघन जांच एवं वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए 3 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। त्वरित न्यायिक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए तीनों प्रकरण माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए माननीय न्यायालय ने तीनों प्रकरणों में प्रत्येक वाहन चालक पर 10-10 हजार रूपए का अर्थदंड अधिरोपित किया। इस प्रकार न्यायालय द्वारा 30 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित एवं वसूल किया गया। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार निर्धारित अर्थदंड जमा किए जाने के उपरांत संबंधित वाहन चालकों स्वामियों को उनके वाहन नियमानुसार सुपुर्द किए गए।







