चेन और ब्रेसलेट उतार लें…कहकर पार कर दिए जेवरात, मुड़वारा स्टेशन में वारदात, रेल पुलिस के हाथ खाली

कटनी, यशभारत। मुड़वारा रेलवे स्टेशन में मंगलवार की सुबह 9 बजे गाड़ी संख्या 11704 रीवा अंबेडकर नगर एक्सप्रेस से उज्जैन से कटनी आ रही सिंधी समाज की एक महिला अज्ञात बदमाशों की चालाकी का शिकार हो गई। पीडि़त महिला की बहन सरिता मंगलानी ने बताया कि दोनों एसी-2 कोच में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन जैसे ही मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंची, तभी दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और महिला से कहने लगे कि गले में पहनी सोने की चेन और हाथ में पहना सोने का ब्रेसलेट उतार लें। अन्यथा कोई झपट्टा मारकर उन्हें छीन सकता है। युवकों की बातों में आकर महिला ने करीब साढ़े तीन तोला वजनी सोने की चेन और ब्रेसलेट उतार लिए। इसके बाद कब और कैसे अज्ञात आरोपी उनके जेवर लेकर फरार हो गए, इसकी भनक तक उन्हें नहीं लगी। जब सामान की तलाश की गई तो दोनों गहने गायब मिले। घटना के बाद पीडि़त परिवार ने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गौरतलब है कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर हाल के दिनों में चोरी, झपटमारी और संदिग्ध गतिविधियों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के मुकाबले सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त दिखाई दे रही है। स्टेशन का क्षेत्रफल काफी बड़ा होने के कारण सुरक्षा निगरानी चुनौती बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर हाल ही में रेल सुरक्षा समिति के अध्यक्ष द्वारा जीआरपी जबलपुर को ज्ञापन सौंपकर मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर स्थायी जीआरपी चौकी स्थापित करने और पुलिस बल बढ़ाने की मांग भी की गई है।






